Health Matter: Often troubled by flatulence and gas at night? Know its causes and home remedies

 सेहत की बात: अक्सर रात में पेट फूलने-गैस से रहते हैं परेशान? जानिए इसके कारण और बचाव के घरेलू तरीके

क्या आप भी उन लोगों में से हैं जिनको रात के समय अक्सर पेट फूलने या कब्ज की दिक्कत बनी रहती है? रात के समय में गैस बनने के कई कारण हो सकते हैं, मुख्यरूप से इसे पाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी का संकेत माना जाता है। आहार और जीवनशैली की कुछ गड़बड़ आदतों के कारण आपको इस तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पाचन तंत्र में गैस का होना पाचन प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है। हालांकि कुछ लोगों को अक्सर गैस की समस्या बनी रहती है, वहीं कुछ स्थितियों में गैस के कारण शरीर के कई अंगों में तेज दर्द की भी दिक्कत हो सकती है। 

डॉक्टर्स कहते हैं, यदि आपको रात के समय पेट फूलने या गैस की समस्या बनी रहती है तो भोजन में बदलाव करना बहुत आवश्यक हो जाता है। इसके अलावा लिवर की बीमारियों जिसके कारण पाचन तंत्र प्रभावित हो जाता है, इस स्थिति में भी पेट में अतिरिक्त गैस बनती रह सकती है।

अगर आपको अक्सर इस तरह की दिक्कत रहती है तो किसी डॉक्टर से मिलकर स्थिति के सही कारणों का जरूर पता कर लें। यदि आपको कोई अंतर्निहित बीमारी नहीं है तो गैस की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आइए कुछ घरेलू तरीकों के बारे में जानते हैं जिनकी मदद से इस समस्या में आसानी से लाभ पाया जा सकता है?

आहार में करें बदलाव

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं गैस बनने या पेट फूलने की ज्यादातर समस्याओं के लिए आहार में गड़बड़ी को प्रमुख कारण माना जाता है। इसके लिए आहार में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। पेट में गैस बनने की समस्या को कम करने के लिए बीन्स और साबुत अनाज का सेवन कम करें।  कुछ साबुत अनाज जैसे गेहूं, दलिया या फिर बीन्स, छोले, राजमा आदि की गैस बनने का कारण हो सकती हैं। इन चीजों का सेवन रात के समय में करने से बचें। रात के समय में हमेशा हल्का भोजन करने की सलाह दी जाती है।

भोजन के बाद वॉक जरूर करें

गैस बनने या भोजन के पाचन में आने वाली समस्या का एक कारण रात में भोजन के बाद तुरंत बेड पर चले जाना भी है। रात में मेटाबॉलिज्म की दर कम होती है, इससे भारी भोजन का पाचन कठिन हो जाता है। वहीं यदि आप भोजन के बाद तुरंत बेड पर चले जाते हैं तो इससे भी पाचन की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। इस तरह की दिक्कतों से बचे रहने के लिए  भोजन के बाद वॉक जरूर करें, इससे पाचन में लाभ मिलता है।

सेब के सिरके का सेवन

गैस की समस्या से बचे रहने के लिए सेब के सिरके का सेवन करना भी अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए एक गिलास पानी में 1 बड़ा चम्मच सेब का सिरक घोलकर पीने से गैस की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि यदि आपकी कोई दवा चल रही है तो बिना डॉक्टर की सलाह के ऐसे घरेलू उपायों के प्रयोग से बचें। कुछ स्थितियों में ये उपाय दवाइयों के प्रभाव को कम कर सकते हैं।

रात में कॉफी-चाय पीने से बचें

ज्यादा कॉफी या चाय पीने की आदत भी गैस और पेट फूलने का कारण हो सकती है। क्योंकि इसमें कैफीन होता है, ऐसे में रात के समय में इनके सेवन से पाचन स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शाम 6 बजे के बाद कैफीन या निकोटीन आदि के सेवन से बचना चाहिए, ये न सिर्फ पाचन को प्रभावित करती हैं साथ ही इनकी आदत नींद विकारों का भी कारण बन सकती है। 


Leave a Comment